साॅफ्टवेयर इंजीनियर के मकान में चोरी का मामला...
पुलिस का दावा घर में मिला कीमती सामान, नहीं आई तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र की पंचवटी काॅलोनी में साॅफ्टवेयर इंजीनियर के मकान में हुई चोरी की घटना में पुलिस ने काॅलोनी के आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली। घरेलू सहायिका और गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक कीमती सामान भी घर में मौजूद है। इस मामले में मकान मालिक ने अब तक पुलिस को तहरीर नहीं दी है।
रिठानी चौकी क्षेत्र की पंचवटी काॅलोनी के टू बीएचके फ्लैट निवासी दीपक मुंबई में सीए हैं। उनकी पत्नी पूनम बेटी जिया के साथ मुंबई में रहते हैं। छोटा भाई दीपक सिंगापुर में साॅफ्टवेयर इंजीनियर हैं। दोनों भाई ज्यादातर बाहर ही रहते हैं। मकान की देखभाल के लिए घरेलू सहायिका सुधा को रखा हुआ है। आरोप है कि बृहस्पतिवार देर रात पंचवटी कॉलोनी के पीछे की दीवार फांदकर घुसे बदमाशों ने दीपक के मकान का गेट खोलकर लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया।
जानकारी के अनुसार मकान के दोनों कमरों में सेफ रखी है, जिनके ताले लगे हुए थे। चोरों ने दोनों सेफ का ताला तोड़कर लाॅकर खोला और उसमें रखा सामान चोरी किया। पड़ोसी मकान मालिक विनोद चौधरी ने आहट सुनी तो अपने मकान का गेट खोलकर बाहर निकले अंदेशा होने पर उन्होंने गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को सूचना दी। जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो बदमाश काॅलोनी की दीवार फांदकर भाग गए। पुलिस ने काॅलोनी के पीछे वन्य क्षेत्र में कई घंटे चोरों की तलाश की लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल सका। पुलिस पूर्व की चोरी की घटनाओं में शामिल चोरों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
थाना प्रभारी का कहना है कि मकान मालिक से बात की गई है। मकान के मंदिर में रखी भगवान की चांदी की मूर्ती व सोने के वर्क लगी मूर्ती चोरी नहीं की गई है। सेफ में रखे कुछ कागजात बिखरे हैं। ज्यादातर कीमती सामान अपनी जगह रखा हुआ है। मकान मालिक से चोरी किए गए सामान की जानकारी ली जा रही है। अभी तक कोई तहरीर नही दी गई है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना का जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।
-
पाॅश कालोनी फिर भी कई मकानों पर नहीं सीसीटीवी
पंचवटी कालोनी परतापुर थाना क्षेत्र की पाश कालोनी है लगभग तीस साल से यहां शहरभर के दर्जनों प्रतिष्ठित लोग रहते हैं। काॅलोनी के पीछे और दोनों तरफ साइड में वन्य क्षेत्र है। तीनों तरफ छह फिट की दीवार है। जहां पुराने और जर्जर कंटीले तार लगे हैं। काॅलोनी में लगभग पांच सौ मकान है। ज्यादातर मकानों में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। जिस मकान में चोरी हुई उसके आसपास एक भी मकान में सीसीटीवी नहीं हैं। सिर्फ मुख्य द्वार और कालोनी की मैन रोड पर कुछ मकान पर सीसीटीवी लगे हैं।
कई कालोनियों के बाहर नहीं हैं स्ट्रीट लाइट और सुरक्षा के इंतजाम
रिठानी चौकी क्षेत्र में दर्जनों पाश काॅलोनियां हैं। जिनमें सेक्टर एक, रेलविहार काॅलोनी, सेक्टर छह, पंचवटी काॅलोनी, वृंदावन एन्क्लेव और जलवायु टावर काॅलोनी के बाहर स्ट्रीट लाइट तक नहीं हैं। इसके अलावा पुलिस गश्त न होने से लोगों में रोष व्यप्त है। सर्दियों में चोर सक्रिय हो जाते हैं। चोरी व लूट की घटनाएं होने के बावजूद काॅलोनियों के बाहर अंधेरा रहता है।