मवाना/बहसूमा। पिछले कई दिनों से जारी भीषण उमस और चिलचिलाती गर्मी से बेहाल लोगों को बुधवार की सुबह एक बड़ी राहत लेकर आई। सुबह लगभग 6:00 बजे से अचानक मौसम का मिजाज बदला और आसमान में काले बादल छाने के साथ ही हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई।
बारिश का यह सिलसिला रुका नहीं, बल्कि दिन भर रुक-रुक कर शाम तक जारी रहा। लगातार होती इस रिमझिम बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को लंबे समय से सता रही उमस से काफी हद तक निजात मिली और माहौल खुशनुमा हो गया। मौसम में आए इस बदलाव का मिला-जुला असर देखने को मिला। एक तरफ जहां यह बारिश किसानों और फसलों के लिए बेहद लाभदायक साबित होगी। दूसरी तरफ इसका सीधा असर स्थानीय व्यापार पर पड़ा। दिनभर रुक-रुक कर पानी गिरने के कारण लोग घरों से कम ही बाहर निकले, जिसके चलते मुख्य बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। ग्राहकों की आवाजाही न के बराबर रहने से व्यापारी बाजार सूना पड़ा रहा। यह बारिश खेतों में खड़ी गन्ने, चारे व धान की फसलों की सिंचाई और पैदावार बढ़ाने के लिहाज से अमृत समान साबित होगी।
किसान श्यामपाल चपराना, संजू पोसवाल, आदेश नागर ने बताया कि इस समय खेतों में गन्ने और धान की फसल को पानी की जरूरत थी। बारिश से दोनों फसलों को पर्याप्त नमी मिलने से सिंचाई का खर्च भी कम होगा। कृषि विशेषज्ञ ठाकुर मुकेश सिंह ने बताया कि वर्तमान समय में हुई बारिश गन्ने और धान की फसल के लिए काफी लाभकारी है। इससे फसलों की बढ़वार बेहतर होने की उम्मीद है।