संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। आगामी कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को सरधना थाने में प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रताप सिंह ने क्षेत्र के डीजे संचालकों के साथ बैठक की। यात्रा के दौरान शासन और पुलिस प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।
थाना प्रभारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान निर्धारित मानकों के अनुरूप ही डीजे का संचालन किया जाएगा। किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक, अश्लील या धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली सामग्री का प्रसारण नहीं किया जाएगा। ध्वनि विस्तारक यंत्रों की आवाज निर्धारित सीमा के भीतर रखने और प्रशासन की ओर से तय किए गए नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने डीजे संचालकों से कहा कि यात्रा के दौरान पुलिस और प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। बैठक में मौजूद डीजे संचालकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिया।