इंस्पेक्टर और दरोगा में एक महीने से चल रहा तकरार, कार्रवाई होनी तय
मेरठ। महिला इंस्पेक्टर संध्या वर्मा व महिला दरोगा अलका चौधरी के बीच करीब एक महीने से विवाद चल रहा है। ड्यूटी को लेकर दोनों में तकरार है और महिला थाने का तमाम स्टाफ भी इस बात से वाकिफ है। इसके बावजूद कार्रवाई के नाम पर अधिकारियों ने चुप्पी साधी हुई है। इस मामले में कार्रवाई होनी तय है।
महिला दरोगा अलका चौधरी ने सोमवार को हापुड़ रोड स्थित बिजली बंबा बाईपास पुलिस चौकी पर हंगामा किया था। महिला थाना प्रभारी संध्या वर्मा पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए अलका चौधरी ने खुदकुशी का भी प्रयास किया। उनका कहना है कि उनकी तबीयत कई दिन से खराब है, बावजूद महिला इंस्पेक्टर उनकी ड्यूटी लगवा देती है। ड्यूटी पर न जाने पर थाने में रपट लिखवा देती है।
यह शिकायत सिर्फ उन्हीं की नहीं, बल्कि महिला थाने में अन्य महिला पुलिसकर्मियों की भी है। इस मामले की जांच महिला सीओ रूपाली राय कर रही हैं। बताया जा रहा है कि महिला इंस्पेक्टर और महिला दरोगा में पिछले एक महीने से ड्यूटी को लेकर तकरार चल रही है। इसकी जानकारी महिला थाने के समस्त स्टाफ को भी मालूम है। आरोप है कि महिला इंस्पेक्टर पर पहले भी महिला सिपाही ने उत्पीड़न के आरोप लगाए थे, लेकिन पुलिस महकमे की किरकिरी बचाने के लिए सबने चुप्पी साध ली थी। इस पूरे प्रकरण की जांच रिपोर्ट सीओ रूपाली से से एसएसपी ने जल्द देने को कहा है।