न्यूटिमा मामले में ऑक्सीजन इंडेंट का डाटा खंगालेगी पुलिस
मेरठ। न्यूटिमा अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी से हुई मौतों के मामले में पुलिस की जांच रफ्तार पकड़ने लगी है। कई बिंदुओं पर पुलिस काम कर रही है, जिसमें ऑक्सीजन इंडेंट के विवरण को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुलिस ऑक्सीजन इंडेंट से जुड़ा डाटा खंगालेगी।
मेडिकल थाना क्षेत्र के न्यूटिमा अस्पताल में तीन दिन पूर्व पांच मरीजों की मौत पर जमकर हंगामा हुआ था। तीमारदारों ने ऑक्सीजन के अभाव में मौत होने का आरोप लगाते हुए अस्पताल पर कार्रवाई की मांग की थी। सीओ अरविंद चौरसिया को मामले की जांच सौंपी गई है। अस्पताल प्रशासन ने ऑक्सीजन की कमी का ठीकरा प्रशासन पर फोड़ा था। पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है। इंडेंट से जुड़ा डाटा खंगालते हुए यह देखा जा रहा है कि अस्पताल ने प्रशासन से उस दिन कितनी बार ऑक्सीजन के लिए संपर्क किया था।
यह भी जानकारी मिली है कि घटना वाले दिन कई बार ऑक्सीजन की सप्लाई रुकने से हड़कंप मचा था। अगर अस्पताल विवरण उपलब्ध करा देता है और वह सही पाया जाता है तो ऑक्सीजन लापरवाही का उस पर लगा आरोप खुद ही खारिज हो जाएगा।
सीसीटीवी फुटेज जुटाएगी पुलिस
अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को तहरीर देकर कुछ लोगों पर हंगामा, तोड़फोड़ और धमकी देने का आरोप भी लगाया है। इससे जुड़ी एक तहरीर मेडिकल पुलिस को दी है। पुलिस अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज कब्जे में लेकर उन लोगों को चिह्नित करने की तैयारी कर रही है, जिन्होंने मरीज की मौत के बाद हंगामा किया था।