मोदीपुरम (मेरठ)। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के राष्ट्रीय बीज विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान मऊ के अंतर्गत कृषि विवि में संचालित अखिल भारतीय बीज परियोजना गुणवत्तायुक्त फसलों के बीज उत्पादन की पांच सदस्यीय दल ने निरीक्षण किया। राष्ट्रीय बीज विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान मऊ के निदेशक डॉ. आनंदम, डॉ. नेत्रा हर्षा, डॉ. गौहर अली, डॉ. आशीष सिंह, डॉ. कुलदीप जायसवाल निरीक्षण टीम में शामिल रहे। टीम का बीज विधायन संयंत्र पर डॉ. कमल खिलाड़ी ने स्वागत किया।
डॉ. एलके गंगवार ने विवि में अखिल भारतीय बीज परियोजना के अंतर्गत वर्ष 2024 -25 में बीज उत्पादन संबंधी उपलब्धियां, 2025 - 26 की कार्य योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। टीम ने विवि के बीज विधायन संयंत्र की विभिन्न गतिविधियों का भ्रमण व अवलोकन किया।
इसके बाद कुलपति डॉ. केके सिंह के निर्देशन में शोध निदेशालय के अंतर्गत बीज उत्पादन केंद्र चिरौड़ी दो खंडों का भ्रमण किया और वहां गेहूं, सरसों, चना, मसूर, अरहर की विभिन्न प्रजातियों के बीज की विभिन्न बीज उत्पादन प्रक्षेत्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बीज उत्पादन खंड के प्रभारी अधिकारी डॉ.पीके सिंह, डॉ. एसके सिंह, डॉ. एसके लोधी, डॉ. हितेश कुमार, सुरेश चंद, मनीष कुमार आदि मौजूद रहे।