संवाद न्यूज एजेंसी
बहसूमा। कस्बा स्थित नवजीवन इंटर कॉलेज में सोमवार को एनसीसी कार्यालय के अभिलेखों एवं दस्तावेजों के ऑडिट के उद्देश्य से कर्नल आशीष मोहन अग्रवाल ने निरीक्षण किया। उन्होंने एनसीसी कार्यालय के विभिन्न अभिलेखों, रजिस्टरों एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों का गहन परीक्षण किया। साथ ही फायरिंग रेंज, परेड ग्राउंड, लेक्चर हॉल तथा एनसीसी से जुड़ी व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी ली। निरीक्षण शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
इस दौरान विद्यालय प्रशासन एवं एनसीसी स्टाफ ने सभी आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत किए और अपेक्षित सहयोग प्रदान किया। कर्नल आशीष मोहन अग्रवाल ने एनसीसी कैडेटों से संवाद करते हुए उन्हें भारतीय सेना की तीसरी पंक्ति का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है।
उन्होंने कैडेटों को लगन, मेहनत और समर्पण के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने तथा भविष्य में सेना एवं अन्य सेवाओं में बेहतर अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर प्रधानाचार्य लेफ्टिनेंट योगेश कुमार, प्रथम अधिकारी अतुल देव गौतम, रोहित कुमार, ललित, क्लर्क प्रदीप कुमार, ट्रेनिंग इंचार्ज चिन्मय कुमार दास आदि रहे।