इंश्योरेंस के फर्जी क्लेम के जरिए ठगी, एक हिरासत में
- पशुपालन विभाग में कार्यरत बताया जा रहा है युवक
- परिजनों का आरोप, उनके बेटे को झूठा फंसा रही पुलिस
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। नौचंदी थाना क्षेत्र में इंश्योरेंस के फर्जी क्लेम के जरिए लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। इस मामले पुलिस एक युवक से हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। हालांकि अधिकारी मामले में कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।
कुछ समय पहले नौचंदी पुलिस को एक शिकायत मिली कि कुछ लोग इंश्योरेंस के फर्जी क्लेम के जरिए ठगी की वारदात कर रहे हैं। बाकायदा इसमें कुछ लोगों के नाम भी पुलिस को दिए गए। शनिवार को नौचंदी पुलिस ने कथित एक आरोपी पूछताछ के लिए बुलाया। उक्त युवक पशुपालन विभाग में तैनात बताया जा रहा है। वह थाने परिजनों के साथ पहुंचा था, तभी पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
परिजनों ने कहा कि युवक का इन मामलों से कोई भी लेना-देना नहीं है। पुलिस ने कुछ लोगों के इशारे पर दबाव बनाने के लिए युवक को गलत तरीके से हिरासत में लिया है। सोमवार को पुलिस के आला अफसरों से मिलकर शिकायत करने की बात कही। वहीं, इंस्पेक्टर नौचंदी प्रेमचंद शर्मा ने कहा कि लिखा पढ़ी के बाद मामले का खुलासा किया जाएगा। सीओ सिविल लाइन देवेश सिंह का कहना है कि ठगी के मामले में जांच पड़ताल चल रही है।