एडीएम ने एसडीएम को भेजा पत्र, परिजनों से भी सूचना देने के लिए कहा गया
निर्धारित प्रारूप में जानकारी देने के लिए कहा
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। ईरान-इस्राइल और खाड़ी के अन्य देशों में जारी युद्ध को देखते हुए वहां फंसे स्थानीय लोगों के बारे में प्रशासन ने जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। इस संबंध में एडीएम वित्त सूर्यकांत त्रिपाठी ने एसडीएम और तहसीलदार को निर्देश जारी कर सूचना देने के लिए कहा है।
एडीएम जारी निर्देशों में कहा गया है कि ईरान- इस्राइल और खाड़ी के अन्य देशों में चल रहे संघर्ष से प्रभावित उत्तर प्रदेश के नागरिकों की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए राहत आयुक्त कार्यालय, उत्तर प्रदेश द्वारा गूगल शीट भेजी गई है। प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों से अपने-अपने कार्यक्षेत्र में ऐसे नागरिकों की जानकारी एकत्र कर निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध कराने को कहा है। प्रशासन के अनुसार जिन नागरिकों का इन देशों में रोजगार, पढ़ाई, व्यापार या अन्य किसी कारण से निवास है और जो वर्तमान में युद्ध जैसी स्थिति से प्रभावित हो सकते हैं, उनकी जानकारी जुटाई जा रही है। इसके लिए व्यक्ति का नाम, पिता या अभिभावक का नाम, मोबाइल नंबर, जनपद में निवास का पूरा पता, वर्तमान में किस देश में फंसे हैं और विदेश जाने का उद्देश्य जैसे विवरण मांगे गए हैं। एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने बताया कि कि अपने क्षेत्र से संबंधित ऐसे सभी नागरिकों की सूचना जल्द से जल्द उपलब्ध कराई जाएगी। ताकि आवश्यकता पड़ने पर शासन स्तर पर सहायता और समन्वय की कार्रवाई की जा सके। उन्होंने ऐसे लोगों के परिजनों से कहा है कि वह भी इस संबंध में सूचना प्रशासन को उपलब्ध कराएं।