- पांच लाभार्थियों को मिले धनराशि के प्रमाणपत्र
- शिक्षा, स्वास्थ्य और श्रम विभाग ने लगाए स्टॉल, लोगों को किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को खंड विकास कार्यालय के सभागार में सेवा शिविर लगाया गया। इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य और श्रम विभाग सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। श्रम विभाग की ओर से पांच लाभार्थियों को धनराशि के प्रमाणपत्र वितरित किए गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों की जांच कर दवाइयां भी दीं।
शिविर का शुभारंभ भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष अतुल त्यागी, खंड विकास अधिकारी बृजेश कुमार और खंड शिक्षा अधिकारी बृजलाल वर्मा ने किया। श्रम विभाग की निरीक्षक नीलम सिंह के नेतृत्व में अतिथियों ने बिन्नी, शहनाज, आशा, प्रियंका और सुनीता को धनराशि के प्रमाणपत्र प्रदान किए।
शिक्षा विभाग के स्टॉल पर शिक्षिका विधु शर्मा, डॉ. रश्मि गुप्ता, गरिमा जैन और सीमा त्यागी सहित अन्य शिक्षकों ने लोगों को शिक्षा के महत्व और विभागीय योजनाओं के बारे में बताया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. प्रत्युषिका शुक्ला, फार्मेसी अधिकारी अल्पना त्यागी और डॉ. राहुल त्यागी ने लोगों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक दवाइयां वितरित कीं।लाभार्थियों ने केंद्र और प्रदेश सरकार के प्रति आभार जताया।
कार्यक्रम में सुधीर कुमार, एडीओ पंचायत नितिन जैन, एडीओ आईएसबी मनजीत कुमार और मांगेराम गुर्जर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।