योगेश धामा ने आरोप लगाया है कि डीएम के मनमाने तरीके से कार्य करने के कारण जनता में सरकार की छवि नकारात्मक बन रही है। ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता लगातार शिकायत कर रहे हैं, लेकिन डीएम की सहमति से लगातार अवैध खनन चल रहा है। बदरखा और ककौर गांव के लोगों का जीवन नरक बन गया है। यहां से गुजरने वाले बालू खनन के ओवरलोड वाहनों से गांव के रास्ते टूट चुके हैं।
हलालपुर-बदरखा मार्ग, बदरखा-ककौर संपर्क मार्ग, ककौर-नंगला संपर्क मार्ग की स्थिति खराब है। किसानों को खेतों तक जाना मुश्किल हो गया है। सांकरौद में रात के समय अवैध खनन की शिकायतें मिल रही हैं। डीएम से शिकायत करने पर भी कोई समाधान नहीं हुआ। धामा ने सीएम से अवैध खनन और अन्य योजनाओं की जांच के लिए उच्च स्तरीय कमेटी के गठन की मांग की है।
लगातार कर रहे अवैध खनन पर कार्रवाई : डीएम
इस संबंध में बात करने पर डीएम शकुंतला गौतम ने कहा कि विधायक की ओर से सीएम योगी आदित्यनाथ को भेजे गए ऐसे किसी पत्र की उन्हें जानकारी नहीं है। जहां तक अवैध खनन पर कार्रवाई की बात है, तो प्रशासन लगातार ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है।