... तंबोला, लकी ड्रॉ और मनोरंजक खेलों ने बांधा समां, विजेताओं को मिले आकर्षक उपहार
... पीमा रेजिडेंशियल वेलफेयर सोसाइटी के आयोजन में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने उत्साह से लिया हिस्सा
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ।
शताब्दी नगर स्थित वृंदावन एन्क्लेव में मंगलवार को पीमा ( परतापुर इंडस्ट्रियल एसोसिएशन) रेजिडेंशियल वेलफेयर सोसाइटी की ओर से दीपावली मिलन समारोह धूमधाम से मनाया गया। रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट के बीच आयोजित समारोह में कॉलोनी के बच्चों, महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। तंबोला, लकी बम्पर ड्रॉ, टेबल गेम्स और सरप्राइज गेम्स ने समारोह में खूब रंग जमाया। विजेताओं को आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया।
सोसाइटी अध्यक्ष निपुण जैन ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य कॉलोनी के सभी परिवारों को एक मंच पर लाकर आपसी प्रेम, सौहार्द और पारिवारिक संबंधों को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि वृंदावन एन्क्लेव केवल आवासीय कॉलोनी नहीं है। यह एक बड़ा परिवार है। कार्यक्रम में स्वादिष्ट चाट, विभिन्न व्यंजनों और रात्रिभोज का भी सभी ने आनंद लिया।
कार्यक्रम को सफल एवं यादगार बनाने में प्रगति, दिव्या एवं राशि का विशेष योगदान रहा। तीनों ने पूरे उत्साह, लगन और रचनात्मकता के साथ विभिन्न गतिविधियों एवं मनोरंजक खेलों के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसकी सभी सदस्यों ने सराहना की।
अध्यक्ष निपुण जैन के नेतृत्व में आयोजित समारोह में सचिव राजेश माहेश्वरी ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया। इस अवसर पर पवन गुप्ता, अमित गुप्ता, अनीता जैन, नेहा, उदित, राजीव सिंघल, संजीव मित्तल रहे।