टी-20 क्रिकेट विश्वकप में शनिवार की रात को भारतीय टीम द्वारा पाकिस्तान पर जीत दर्ज करते ही शहर में जश्न का दौर शुरू हो गया। सैकड़ों हुड़दंगी अर्धनग्न अवस्था में ढ़ोल-नगाड़े लेकर बेगमपुल पर पुलिस चौकी के सामने पहुंचे। इससे दिल्ली रोड पर चार किमी लंबा जाम लग गया। एक पुलिस अधिकारी पर चप्पल फेंकी। पुलिसकर्मियों पर हुड़दंगियों ने टी-शर्ट फेंकी।
घंटे भर की मशक्कत के बाद पुलिस हुड़दंगियों को सड़कों से खदेड़ पाई। एल ब्लॉक शास्त्री नगर और भूमिया के पुल पर हर्ष फायरिंग भी कई गई। देर रात तक हुड़दंगी बाइक से सड़काें पर स्टंट करते रहे। इस दौरान युवकों ने एक एसओ के साथ हाथापाई भी की।
टीम इंडिया की जीत के बाद शनिवार की रात सोतीगंज से लेकर बेगमपुल तक करीब सात- आठ सौ हुड़दंगी सड़कों पर उतर आए। शर्ट उतारकर हुड़दंगियों ने ट्रैफिक रोक दिया। तिरंगा लेकर भारत जिंदाबाद के नारे लगाए गए। इससे दिल्ली रोड पर बेगमपुल से लेकर मेट्रो प्लाजा तक जाम लग गया। जाम की सूचना पर एएसपी कैंट, इंस्पेक्टर सदर, एसओ लालकुर्ती, इंस्पेक्टर रेलवे रोड पुलिस और पीएसी के साथ बेगमपुल पहुंचे।
पुलिस ने भीड़ को लाठी फटकार कर खदेड़ना चाहा, लेकिन भीड़ के आगे पुलिस बेबस नजर आई। एक पुलिस अधिकारी पर चप्पल फेंकी गई तो पुलिसकर्मियों पर टी-शर्ट उछालीं गईं। ट्रैफिक प्रभारी संतोष कुमार ने जाम खुलवाने की कोशिश की तो भीड़ सड़क पर बैठ गई। जमकर गुलाल उड़ाया गया। रात में लोगों ने ट्रक, रोडवेज और अन्य वाहनों की छतों पर चढ़कर तिरंगा लहराया। जमकर नारेबाजी की गई। दिल्ली रोड, बच्चा पार्क, हापुड़ अड्डा और गढ़ रोड पर बाइक सवार युवकों ने स्टंटबाजी की।
इस दौरान पुलिस अफसर तमाशबीन रहे। एक घंटे की मशक्कत के बाद फोर्स ने सख्ती दिखाते हुए बेगमपुल से जाम खुलवाया। घंटाघर और हापुड़ अड्डे पर भी भीड़ बेकाबू रही। भूमिया का पुल और शास्त्री नगर स्थित एल ब्लॉक में हर्ष फायरिंग भी की गई। देर रात तक यह सिलसिला चलता रहा। हुड़दंगियों को कंट्रोल करने के लिए पुलिस इधर--उधर दौड़ती रही।