प्यारेलाल शर्मा स्मारक सभागार में प्रोफेशनल सम्मेलन का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। भाजपा मेरठ महानगर द्वारा मंगलवार को आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के अंतर्गत प्यारेलाल शर्मा स्मारक सभागार में प्रोफेशनल सम्मेलन का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि शिक्षक एमएलसी श्रीचंद शर्मा ने कहा कि आज भारत आत्मनिर्भरता की ओर नहीं, बल्कि मेक इन इंडिया से मेक इन वर्ल्ड की ओर अग्रसर है।
विश्व के बड़े देशों को अब भारत की आवश्यकता महसूस हो रही है। अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के दौरान भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम और नेतृत्व चर्चा में रहा, यह भारत की बढ़ती साख का प्रमाण है। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान केवल सरकार की पहल नहीं, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक का संकल्प होना चाहिए। उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और तकनीकी क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता से ही देश सशक्त बनेगा। महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक सशक्त कदम बढ़ाया है। अध्यक्षता जयवीर सिंह ने की। सम्मेलन में कमलदत्त शर्मा, जयकरण गुप्ता, अजय गुप्ता, डॉ. वकुल रस्तोगी, अरविंद गुप्ता मारवाड़ी, करुणेश नंदन गर्ग ने विचार रखें। इस अवसर पर अमित मूर्ति, विनय शर्मा, पराशर, मीडिया प्रभारी अमित शर्मा, धीरज गोयल, मनोज वर्मा, नूपुर जौहरी आदि मौजूद रहे।