जनपद की सभी चीनी मिलें हुई संचालित, किसानों ने की गन्ना मूल्य बढ़ाने की मांग
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। मेरठ के जिले की सभी छह चीनी मिलें शुरू हो चुकी हैं। बुधवार को मोहिउद्दीनपुर शुगर मिल के पेराई सत्र का भी शुभारंभ किया गया। राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. सोमेंद्र तोमर ने विधिवत रूप से पूजा कर सत्र का शुभारंभ किया। इस मौके पर कई किसान संगठनों के लोग भी पहुंचे और उनकी ओर से गन्ना मूल्य बढ़ाए जाने की मांग की गई।
जिले में छह मिलें हैं। इसमें नंगलामल, दौराला, सकौती, किनौनी, मवाना और मोहिउद्दीनपुर मिल हैं। इनमें से मोहिउद्दीनपुर मिल को छोड़कर बाकी सभी मिल का संचालन दिवाली से पूर्व हो हो चुका था। अब बुधवार को मोहिउद्दीनपुर के पेराई सत्र का भी शुभारंभ हो गया। इस मौके पर राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर ने फीता काटकर पेराई सत्र का शुभारंभ किया।
किसान नेता मोनू ढिंढाला, राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के जिलाध्यक्ष दिनेश समेत काफी संख्या में किसानों ने गन्ना मूल्य बढ़ाने की मांग भी मंत्री के सामने रखी। मंत्री ने जल्द ही उनकी मांग को पूरा कराने का आश्वासन दिया। मोनू ढिंढाला ने गन्ना मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग की। उन्होंने कहा कि मोहिउद्दीनपुर मिल की बात करें तो मिल से 20 हजार से अधिक किसान जुड़े हैं। वर्तमान में जो मूल्य है उससे लागत भी नहीं निकल पा रही है। ऐसे में गन्ना मूल्य बढ़ाया जाना चाहिए।