सरधना। गांव मेहरमती गणेशपुर में मामूली विवाद को लेकर पड़ोसियों पर एक युवक के साथ लगातार दो दिन मारपीट करने का आरोप लगा है। मंगलवार को हुई मारपीट में घायल युवक ने मेडिकल परीक्षण कराया था। आरोप है कि बुधवार सुबह आरोपियों ने उस पर फिर से हमला कर दिया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है।
गांव निवासी पवन पुत्र रामनाथ के अनुसार मंगलवार को पड़ोसियों के साथ किसी बात पर उसकी कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पड़ोसियों ने उसके साथ मारपीट कर घायल कर दिया। उसने सीएचसी में मेडिकल परीक्षण कराया, लेकिन उस समय पुलिस को शिकायत नहीं दी थी। आरोप है कि बुधवार सुबह आरोपियों ने फिर से उसके साथ मारपीट की। लगातार दूसरे दिन हमला होने से परेशान पवन ने पुलिस को तहरीर दी। सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि घायल का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।