सहारनपुर में बिहारीगढ़ क्षेत्र के ग्राम कोठड़ी बहलोलपुर में बुधवार की रात करीब एक बजे पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस ने चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया, जिनमें दो बदमाशों को गोली लगी है। मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी भी बदमाशों की गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने बदमाशों के पास से तमंचे, लूटी गई नगदी और आभूषण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार बुधवार की रात सर्विलांस और स्वाट टीम को बिहारीगढ़ क्षेत्र में लूटपाट करने वाले गैंग की सक्रियता की सूचना मिली। सूचना पर स्वाट टीम ने बिहारीगढ़ और बेहट पुलिस के साथ बदमाशों की तलाश में चेकिंग शुरू कर दी। रात करीब एक बजे पुलिस को मुखबिर ने बताया कि मदन पुरा नदी के पास धौला कुआं रोड पर बदमाश किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही स्वाट टीम, बिहारीगढ़ और बेहट पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बदमाशों की घेराबंदी कर दी। खुर को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और भागने लगे। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग कर दी। दोनों ओर से फायरिंग के दौरान दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। इस दौरान बदमाशों की गोली लगने से बिहारीगढ़ थाना में तैनात आरक्षी बबलू भी घायल हो गया। पुलिस ने घायल दोनों बदमाशों को दबोच लिया, जबकि उनके साथी भाग निकले। पुलिस ने कांबिंग कर दो अन्य बदमाशों को भी गिरफ्तार कर लिया।
पढ़ें : Encounter की Live तस्वीरें... पुलिस ने बदमाश को मारी गोली, तमंचे बरामद
तमंचा बरामद
पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम जफर, महजबीन, छोटा तथा परवेज निवासी ग्राम हलवाना थाना गंगोह बताया हैं। इनमें से छोटा और परवेज पुलिस की गोली लगने से घायल हुए हैं। पुलिस ने घायल बदमाशों और आरक्षी बबलू को अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चार तमंचे, कारतूस, दो लाठियां, एक संबल, एक टॉर्च, एक तेल की बोतल, चार जोड़ी चप्पलें गमछे में बंधी हुईं, 6570 रुपये की नगदी, दो जोड़ी पायल, एक सोने की लौंग और कान की बाली बरामद की हैं।
एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी घुमंतू जाति के हैं। इन पर मध्य प्रदेश, राजस्थान, कन्नौज और सहारनपुर समेत कई जगह हत्या, लूट, डकैती के मामले दर्ज हैं। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/