मवाना। मोहल्ला हीरालाल में वार्ड 19 में तंग सड़क पर मकानों के सामने अवैध रूप से लग रही साप्ताहिक पैंठ से लोगों का जीना दुश्वार हो गया है। एसडीएम के आदेश के बावजूद नगर पालिका द्वारा इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
मोहल्ला हीरालाल वार्ड 19 के लोगों ने बीते सप्ताह एसडीएम को दिए पत्र में बताया था कि रविवार के दिन सड़क पर अवैध पैंठ और पटरी पर दुकानें लगवा दी जाती हैं। दुकान लगाने वाले दुकानदारों द्वारा घरों के आवागमन को भी जबरन अवरुद्ध कर दिया जाता है। इस कारण रविवार के दिन इन अवैध पैंठ के कारण लोग घरों में कैद होने को विवश हो जाते हैं। यदि कोई इसका विरोध करता है तो अवैध दुकान लगाने वाले दुकानदार गुंडई पर उतारू हो जाते हैं। लोगों को डरा धमकाकर अवैध रूप से मार्ग को अवरुद्ध कर अवैध पैंठ का संचालन हो रहा है। दुकानदारों द्वारा कहा जाता है कि पालिका की ओर से उनको दुकान लगाने की अनुमति प्राप्त है। जबकि नगर पालिका द्वारा साप्ताहिक पैंठ का कोई ठेका नहीं छोड़ा गया है।
नगर पालिका के ईओ से कई बार शिकायत की जा चुकी है। यदि इसे बंद नहीं कराया गया तो कानून व्यवस्था को लेकर वार्ड में कोई भी अप्रिय स्थिति उत्पन्न हो सकती है। पत्र में अवैध पैंठ का संचालन तुरंत रुकवाने, अवैध गतिविधि के संचालन के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।
एसडीएम ने ईओ को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के आदेश दिए थे, लेकिन पालिका ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। रविवार को भी पुलिस चौकी और नगर पालिका से चंद कदम की दूरी पर संकरे मार्ग पर मोहल्ले में दुकानें सडक पर लगी। इससे मोहल्ले और इधर से गुजरने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पत्र पर सौरभ, विनोद गुप्ता, ओमवीर, धर्मवीर, सचिन, जयंत, आदित्य पाल आदि के नाम हैं।
इस संबंध में नगर पालिका चेयरमैन अखिल कौशिक का कहना है कि पालिका की ओर से कोई पैंठ नही लगवाई जा रही है। कई बार नगर पालिका ईओ पुलिस बुलाकर इनको हटवा भी चुके हैं। जिनके घरों के आगे लग रही है, उनको विरोध करना चाहिए और पुलिस प्रशासन से शिकायत करें। उन्होंने कहा कि वे ईओ को इस संबंध में दुकानों को हटवाने के लिए कह रहे हैं।