पुरानी रंजिश को लेकर स्योहारा क्षेत्र में गई बरात में हुआ था विवाद
समझाने के बाद घर लौट आए थे दोनों पक्ष, फिर गांव में हुआ झगड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
नूरपुर। पुरानी रंजिश को लेकर बरात में गए गांव गोहावर जैत निवासी दो पक्षों के लोगों में मारपीट हो गई। रिश्तेदारों ने दोनों पक्षों में बीच बचाव करा दिया। मगर, बरात से लौट आने के बाद फिर दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले। इसमें पांच लोग घायल हो गए।
गांव गोहावर जैत निवासी वीर सिंह पुत्र हरिओम सिंह की बरात सोमवार को थानाक्षेत्र स्योहारा के एक गांव में गई थी। वहां एक पक्ष के मुकुल, आदित्य व अनिकेत पुत्रगण सुन्दर सिंह व छोटू, हिमांशु पुत्रगण बाबू, रविता देवी पत्नी सुरेश व दो अन्य का दूसरे पक्ष के नीशू, साजन, सागर पुत्रगण उमेश व उमेश पुत्र मुखराम, सुमन देवी पत्नी उमेश व दो अन्य के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था।
बरात में किसी तरह आपसी बातचीत कर मामला निपट गया। बरात लौटी तो दोनों पक्षों के लोगों ने गाली गलौच करते हुए एकदूसरे पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में एक पक्ष के मुकुल, आदित्य व अनिकेत, जबकि दूसरे पक्ष के नीशू व सुमन देवी घायल हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।