फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पाक के स्नाइपर शॉट से सहारनपुर का जवान शहीद, भारतीय चौकियों को बनाया निशाना

Sat, 22 Jul 2017 10:00 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो, जम्मू/सहारनपुर

सार

नौगाम और केरन सेक्टर में भारतीय चौकियों को बनाया निशाना, पाकिस्तान की नापाक हरकतें जारी, भारत ने दिया मुंहतोड़ जवाब
विज्ञापन
फाइल फोटो
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

एलओसी पर पाक की नापाक हरकत शुक्रवार को भी जारी रही। पाक की ओर से दागे स्नाइपर शॉट से सुंदरबनी सेक्टर में सहारनपुर का एक जवान शहीद हो गया, जबकि एक अन्य जवान सचिन कुमार घायल हो गया। इसके साथ ही उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के नौगाम और केरन सेक्टर में भी सेना की अग्रिम चौकियों को निशाना बनाया गया। भारत ने भी गोलाबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया है। 
विज्ञापन


सुंदरबनी सेक्टर में शाम के वक्त पाक की ओर से गोलाबारी शुरू की गई। इस दौरान स्नाइपर शॉट में रायफलमैन जयद्रथ सिंह (28) पुत्र जसबीर शहीद हो गए। वह उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के देवबंद तहसील के भगवानपुर (अंबेठा चांद) के रहने वाले थे। जवान के शहीद होने की सूचना पाकर पत्नी ममता का रो-रोकर बुरा हाल है। जयद्रथ का छोटा भाई सहदेव भी इसके साथ ही इसी बटालियन में है। वह कुछ दिन पहले ही छुट्टी पर अपने गांव आया है। जबकि सबसे बड़ा भाई राहुल एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है।


पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर शुक्रवार को एक दिन की खामोशी के बाद करमाड़ा क्षेत्र में एक बार फिर पाकिस्तान सेना की तरफ से गोलियां चलने लगी जिसका जवाब भारतीय सैनिकों ने जमकर दिया। बीस मिनट तक हलके हथियारों से गोलीबारी की गई। गांव के एक-दो घरों की दीवारों एवं छतों पर पाक सेना द्वारा दागी गई गोलियां लगीं, परंतु किसी प्रकार का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। गोलीबारी से क्षेत्र में भय का माहौल बन गया। इसके चलते लोग अपने को घरों में कैद कर लिए।
विज्ञापन
विज्ञापन

शहीद जवान जयद्रथ सिंह (फाइल फोटो)
उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के नौगाम सेक्टर में पाकिस्तानी सेना द्वारा शुक्रवार की सुबह करीब 8 बजे एलओसी पार से भारतीय चौकियों को निशाना बनाया गया। पहले छोटे हथियारों से फायरिंग की गई। बाद में मोर्टार दागे गए। यहां लगभग चार घंटे तक दोनों ओर से गोलाबारी होती रही। इसी जिले के केरन सेक्टर के जमगुंड इलाके में वीरवार देर रात को पाकिस्तानी सेना द्वारा भारतीय चौकियों को निशाना बनाया गया।

कुछ देर बाद फायरिंग थम गई, लेकिन शुक्रवार सुबह एक बार फिर पाकिस्तान की ओर से भारतीय चौकियों को निशाना बनाया गया। श्रीनगर में तैनात सेना की 15वीं कोर के प्रवक्ता कर्नल आरके पांडे ने बताया कि केरन और नौगाम में लगातार पाकिस्तानी सेना रुक रुक कर भारतीय चौकियों को निशाना बना रही है, लेकिन इसका मुंहतोड़ जवाब दिया गया।

गौरतलब है कि पाकिस्तानी सेना द्वारा उत्तरी कश्मीर में लगातार पिछले कुछ दिनों से एलओसी पर भारतीय सेना की चौकियों को निशाना बनाया जा रहा है। इससे पहले भी नौगाम सेक्टर में 18 और 19 जुलाई को पाकिस्तान द्वारा सीजफायर का उल्लंघन किया गया था, जिसमें एक जवान शहीद हो गया था।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें