मेरठ। पुलिस वीआईपी कार्यक्रम में रही और जनता जाम से जूझती रही। प्रभारी मंत्री जिला अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे तो पुलिस ने रेलवे रोड चौराहा, जिला अस्पताल रोड और छतरी वाले पीर पर वाहनों का आवागमन ही बंद कर दिया।
शहर में बृहस्पतिवार सुबह दस बजे ही जाम लगना शुरू हो गया। जीरो माइल से लेकर लालकुर्ती पैठ बाजार, बाउंड्री रोड, बेगमपुल चौराहे से सोतीगंज, भैसाली बस अड्डा, केसरगंज, रेलवे रोड चौराहा, मेट्रो प्लाजा, ट्रांसपोर्ट नगर गेट के सामने वाहन जाम में जूझते रहे। प्रभारी मंत्री का काफिला शहर में जहां से गुजरा, वहां भीषण जाम लग गया।
पुलिया निर्माण से दिन भर लगता है जाम:
खैरनगर चौपले से छतरी वाले पीर के बीच पुलिया निर्माण के कारण दो सप्ताह से जाम की समस्या बनी है। पुलिस ने न तो यहां डायवर्जन किया और न ही वनवे व्यवस्था। ऐसे में यहां सुबह से लेकर देर शाम तक जाम लगता है। प्रभारी मंत्री के जिला अस्पताल में पहुंचने से 15 मिनट पहले ही पुलिस ने इस मार्ग पर वाहनों को नहीं आने दिया। जिससे जनता को परेशानी झेलनी पड़ी।
गंगनहर पटरी पर भी जाम
दिवाली से पहले दिल्ली देहरादून हाईवे और गंगनहर पटरी पर भी वाहनों का दबाव बढ़ने लगा है। हाईवे पर बृहस्पतिवार को मुरादनगर, मोदीनगर, मोहिउद्दीनपुर, परतापुर तिराहा, रिठानी और पल्लवपुरम में भी जाम लगा रहा। गंगनहर पटरी मार्ग पर भी वाहनों की लंबी लाइनें लगी रहीं।