संवाद न्यूज एजेंसी
सरूरपुर। पांचली बुजुर्ग निवासी विवाहिता गजाला को ससुराल वालों ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर मारपीट कर घर से निकाल दिया। मायके पक्ष के साथ थाने पहुंची पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मोहम्मद सलीम ने तहरीर में बताया कि उसकी बेटी गजाला की शादी छह साल पहले गांव भागोजा, जिला अलवर राजस्थान निवासी युवक के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद ससुराल वाले दहेज से संतुष्ट नहीं हुए और ट्रैक्टर की मांग करने लगे। दहेज में ट्रैक्टर की मांग पूरी नहीं होने पर आरोपी विवाहिता का उत्पीड़न कर रहे थे। इसके बाद आरोपियों ने मारपीट कर विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। जिसके बाद वह अपने मायके पांचली बुजुर्ग आकर रहने लगी।
बताया कि तीन अगस्त को ससुराल पक्ष के लोगों ने गांव कैली गांव में समझौता कर विवाहिता को अपने साथ ले गए। आरोप है कि रास्ते में आरोपियों ने गजाला के साथ मारपीट की। इसके बाद उसे दिल्ली रेलवे स्टेशन पर छोड़कर चले गए। आरोपी विवाहिता के ज्वेलरी भी छीनकर ले गए। इसके बाद पीड़िता ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे परिजन विवाहिता को लेकर अपने घर आ गए। इसके बाद पीड़ित पक्ष में आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।