ऊर्जा भवन में समीक्षा बैठक करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मोहिउददीनपुर में 23 मिनट का भाषण विकास और 2027 के विधानसभा चुनावों पर केंद्रित रहा। विपक्षी दलों की सरकारों को गुंडा राज बताया। मालेगांव की घटना में हिंदुओं के खिलाफ कार्रवाई की याद दिलायी। उन्होंने सोतीगंज चोर बाजार को खत्म करने और भाजपा सरकार में किए जा रहे विकास कार्य गिनाए। जनता को देश की पहली रेपिड ट्रेन और गंगा एक्सप्रेस से भी जोड़ा। मेरठ के लोगों को 1857 की क्रांति और शहीदों की शहादत को न भूलने की सीख दी। भविष्य में भाजपा सरकार की विकास की बड़ी योजनाओं का भी सपना दिखाया। वह शहीद धनसिंह कोतवाल को भी याद करना नहीं भूले। उन्होंने बाबा औघड़नाथ और क्रांतिधरा को नमन करते हुए जनता से जुड़ने का काम किया। भारत मां की जय के नारों से कार्यक्रम स्थल गूंजता रहा।
सीएम सोमवार को मोहिउददीनपुर में इंटीग्रेटेड टाउनशिप का भूमि पूजन और 2517 करोड़ की परियोजनाओं का अनावरण करने के लिए हेलीकॉप्टर से शाम 3:54 बजे पहुंचे। इस दौरान सीएम पूरे आत्म विश्वास में लवरेज दिखे। उन्होंने शाम 4:21 बजे उद्बोधन शुरू करते हुए सीएम ने देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को देश का बड़ा नेता बताया। कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश प्रगति कर रहा है। सपा और कांग्रेस के लोग बौखलाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों को अपनी सरकारों का समय याद करना चाहिए जब मेरठ की पहचान सोतीगंंज चोर बाजार के नाम से होती थी और अब मेरठ न्यू टाउनशिप, रेपिड़, मेट्राे ट्रेन, गंगा एक्सप्रेस वे और अन्य हाइवे के नाम से जाना जाता है।
उन्होंने विकास के साथ साथ मेरठ की जनता को 1857 की क्रांति के क्रांतिवीरों की शहादत को भी याद दिलाया। कहा कि हम किसी भी कीमत पर फिर से देश को गुलाम नहीं होने देंगे। उन्होंने विपक्षियों पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा और कांग्रेस के लोग आतंकवाद की पैरवी करते हैं। कांग्रेस के राज में मालेगांव में जो हिंदुओं के साथ हुआ उसको हमें भूलना नहीं चाहिए। विपक्षी हमारे समाज को जातियों में बांटकर तोड़ना चाहते हैं। वह आपकी एकता और खंडित करने का काम कर रहे हैं। विपक्षी दीमक की तरह समाज को खोखला कर रहे हैं। उन्होंने इनसे सावधान रहने की सलाह दी। भाजपा सरकार राष्ट्रवाद के मुद्दों पर काम कर रही है। देश की आजादी में जिन क्रांतिवीरों ने शहादत दी, उनकी शहादत को भूल मत जाना।