सुरक्षा और न्याय के लिए देश के विभिन्न हिस्सों में जारी है डॉक्टरों की हड़ताल
- फोटो : ANI
पश्चिम बंगाल में जूनियर डॉक्टरों पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में आईएमए के चिकित्सक मेरठ में सोमवार को 24 घंटे के लिए चिकित्सा सेवाएं बंद रखेंगे। सिर्फ निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम्स की इमरजेंसी सेवाएं खुली रहेंगी।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) मेरठ शाखा के अध्यक्ष डॉ. शिशिर जैन ने बताया कि 17 जून को सुबह छह बजे से लेकर 18 जून की सुबह छह बजे तक चिकित्सा सेवाएं इमरजेंसी छोड़कर पूर्णत: बंद रहेंगी।
आईएमए मेरठ में करीब 1300 चिकित्सक पंजीकृत हैं, जो इस विरोध में सहयोग करेंगे। चिकित्सकों की मांग है कि केंद्र सरकार चिकित्सकों व अस्पतालों पर हिंसा के विरुद्ध सख्त कानून बनाए। हिंसा करने वालों को आतंकवादी मानते हुए गिरफ्तारी का प्रावधान हो।
पश्चिमी बंगाल में दोषी व्यक्तियों पर त्वरित कार्रवाई करे। वहीं आईएमए की हड़ताल के चलते सोमवार को मरीज सरकारी चिकित्सालयों के भरोसे रहेंगे। सीएमओ डॉ. राजकुमार ने बताया कि सरकारी चिकित्सालयों में पर्याप्त बंदोबस्त हैं।