सरूरपुर। थाना क्षेत्र के पांचली बुजुर्ग गांव में प्रशासन ने नवीन परती की सरकारी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया। मंगलवार को नायब तहसीलदार ज्योति सिंह के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। टीम ने खसरा नंबर 1925 की जमीन से हारून और नसीम का कब्जा हटवाया। इस दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा।
गांव निवासी तसलीम पुत्र इकलाख ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की थी। शिकायत पर तहसीलदार ने राजस्व टीम को जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद नायब तहसीलदार ज्योति सिंह, लेखपाल पंकज कुमार और ललित कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने जमीन की पैमाइश कर सरकारी भूमि को मुक्त कराया।
प्रशासन ने कब्जामुक्त कराई गई भूमि पर खड़े 23 पेड़ों की सुरक्षा की जिम्मेदारी ग्राम प्रधान नाजरीन चौहान को सौंपी है। उन्हें जमीन पर दोबारा कब्जा न होने देने और पेड़ों को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं। नायब तहसीलदार ज्योति सिंह ने बताया कि संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि भविष्य में सरकारी भूमि पर कब्जा न होने पाए। यदि किसी ने भविष्य में सरकारी भूमि पर कब्जा किया तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।