संवाद न्यूज एजेंसी
सरूरपुर। थाना क्षेत्र के गांव भूनी निवासी ग्रामीण शकील ने सरकारी सिंचाई के नाली पर अवैध कब्जे का आरोप लगाया है। ग्रामीण ने आरोपियों के खिलाफ उप जिलाधिकारी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीण ने शिकायत पत्र में बताया कि भूनी चौराहे के पास सरधना बिनौली रोड पर सड़क के किनारे सिंचाई की सरकारी नाली है। जिस पर कुछ लोग अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य कर रहे हैं। इससे नाली की चौड़ाई लगातार कम होती जा रही है और पानी का बहाव प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीण ने बताया कि बरसात के दिनों में यही नाली खेतों में बारिश का पानी निकालने का प्रमुख माध्यम है। यदि नाली पर स्थायी निर्माण हो गया तो बारिश का पानी सड़कों और खेतों में भर जाएगा। इससे फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। साथ ही सड़क पर जलभराव होने से राहगीरों और वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ेगा और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहेगी। उन्होंने प्रशासन से जल्द मौके का निरीक्षण कर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने और निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
उप जिलाधिकारी उदित नारायण सेंगर का कहना है कि मौके पर तहसील टीम भेजकर निरीक्षण कर जांच कराई जाएगी। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।