हस्तिनापुर (मेरठ)। कस्बे में नगर पंचायत की सरकारी जमीनों पर धड़ल्ले से अवैध निर्माण किए जा रहे हैं। पूर्व विधायक गोपाल काली ने नगर पंचायत के अधिकारियों का मिलीभगत कर निर्माण कराने का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
कस्बे में करोड़ों रुपये की सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण धड़ल्ले से किया जा रहा है। कई स्थानों पर पूर्व अधिशासी अधिकारी निषाद मधुरमय ने कड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण रुकवा दिए थे। कई को ध्वस्त भी कराया था। कई लोगों को नोटिस दिए गए थे, जबकि दो दर्जन से ज्यादा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसके बाद निषाद मधुरमय का स्थानांतरण कर दिया गया। कस्बे में तभी से अवैध निर्माण धड़ल्ले से किए जा रहे हैं। भाजपा के पूर्व विधायक गोपाल काली का आरोप है कि नगर पंचायत के अधिकारियों की मिलीभगत से अवैध निर्माण हो रहे हैं। जबकि कई मामले कोर्ट में अभी भी लंबित हैं। कस्बे में नगर पंचायत की करोड़ों रुपये की सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण कर लिए गए हैं। शिकायत करने के बाबजूद कार्रवाई नहीं की जा रही है। पूर्व विधायक ने कहा कि वे इस संबंध में मुख्यमंत्री से शिकायत कर चुके हैं। पूर्व में नगर पंचायत पर अवैध निर्माण को लेकर लगाए गए आरोपों की पुष्टि जिलाधिकारी द्वारा बनाई गई जांच कमेटी ने भी की थी। इस संबंध में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार मिश्र का कहना है कस्बे के सभी अवैध निर्माणों के बारे में उप जिलाधिकारी को अवगत कराया गया है। अवैध निर्माण करने वाले लोगों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई होगी। वहीं उप जिलाधिकारी कमलेश गोयल ने बताया कि हस्तिनापुर में अवैध निर्माण की जांच कराई जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।