मेरठ। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) ने मेरठ में अपनी पीएनजी गैस के दाम में एक रुपये प्रति मानक घन मीटर (एससीएम) की वृद्धि की है। अब मेरठ में आईजीएल की पीएनजी के दाम 48.35 रुपये एससीएम हो गए हैं जो पहले 47.35 रुपये एससीएम थे। बढ़े हुए दाम एक अप्रैल से लागू हो गए हैं। आईजीएल द्वारा मेरठ में पाइपलाइन गैस नेटवर्क का तेजी से विस्तार किया जा रहा है।
आईजीएल के मुजफ्फरनगर, शामली व मेरठ के मुख्य महाप्रबंधक दिलिप कपूर ने बताया कि सरकार के शासनादेश के अनुसार जिस कॉलोनी में आईजीएल गैस की आपूर्ति पाइपलाइन द्वारा की जा रही है आगामी तीन महीने में उस कॉलोनी में एलपीजी की सप्लाई बंद कर दी जाएगी। कंपनी द्वारा मेरठ के बाहरी क्षेत्रों में अब तक लगभग 50 किलोमीटर लंबा पाइपलाइन नेटवर्क बिछाया जा चुका है।
इसके माध्यम से करीब 760 घरेलू उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध कराई जा रही है। आईजीएल ने भविष्य में मेरठ के अन्य क्षेत्रों में भी गैस आपूर्ति का विस्तार करने की योजना बनाई है। इसके साथ ही मेरठ में आईजीएल के दस सीएनजी स्टेशन संचालित है और अगले एक वर्ष में सात नए सीएनजी स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए तेजी से कार्य चल रहा है। आईजीएल के इस विस्तार से शहर में स्वच्छ एवं सुरक्षित ईंधन की उपलब्धता बढ़ेगी जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ लोगों को सुविधाजनक गैस सेवा मिल सकेगी।
अभी इन कॉलोनियों में हो रही सप्लाई
ए-टू-जेड सोसाइटी (मोदीपुरम), वृंदावन सोसाइटी फेज-2, अप्पू ग्रीन पार्क, द्वारिका धाम, नंद वाटिका, वर्धमान एमराल्ड्स
इन क्षेत्रों में बिछेगी पाइपलाइन
दौराला क्षेत्र: दौलत राम कॉलोनी, साईपुरी लक्ष्मीपुरम, शक्ति कॉलोनी, आदर्श कॉलोनी और मटौर गांव।
अन्य सोसायटियां: वेदांता कुंज, सत्यम एन्क्लेव, कान्हा ग्रीन, गणपति पार्क और सिवाया गांव।