मेरठ। चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी के बीबीए विभाग में शुक्रवार को आयोजित फेयरवेल पार्टी एंट्री को लेकर छात्राओं के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि आयोजन की जिम्मेदारी संभाल रही एक छात्रा ने दूसरी छात्रा पर पेन से हमला कर दिया। इससे मौके पर मौजूद छात्राओं में दहशत फैल गई। सूचना पर मेडिकल पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराया। प्राक्टोरियल टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर प्रॉक्टर कार्यालय ले जाया गया। हालांकि मेडिकल पुलिस का दावा है कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया।
सीओ सिविल लाइन एएसपी अभिषेक तिवारी ने बताया कि यह कार्यक्रम तीसरे वर्ष की छात्राओं के लिए आयोजित किया गया था। फेयरवेल पार्टी शुरू होने से ठीक पहले गेट पर कुछ छात्राओं को अंदर जाने से रोका गया, जबकि उन्होंने पहले ही फीस जमा करने का दावा किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस हो गई। पीड़ित छात्रा ने आरोप लगाया कि उसके साथ न सिर्फ मारपीट हुई, बल्कि अभद्र भाषा और जातिसूचक शब्दों का भी इस्तेमाल किया गया।
वहीं, दूसरी ओर आरोपी छात्रा ने खुद को धमकाए जाने का आरोप लगाया। मेडिकल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से जांच पड़ताल की हालांकि दोनों पक्षों ने कार्रवाई से इन्कार कर दिया। एएसपी ने बताया कि इस मामले में विवि के अधिकारियों ने समझौता करा दिया है। यदि फिर भी कोई पक्ष तहरीर देता है तो जांच करने के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी। अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
-