ऑफलाइन भी कराएं आवेदन ,स्नातक, परास्नातक एवं डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पंजीकरण प्रक्रिया जारी
संवाद
मेरठ। मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय में विभिन्न कोर्स में प्रवेश के लिए विवि प्रशासन की ओर से पंजीकरण की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित की गई थी। अब इच्छुक आवेदकों के पास पंजीकरण के लिए पांच दिन का शेष समय बाकी रह गया है। विवि प्रशासन ने कहा है कि जो अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पा रहे हैं वह मोदीपुरम स्थित कृषि विवि में के कार्यालय पहुंचकर ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए वह आवेदन फार्म विवि की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।
मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न स्नातक, परास्नातक एवं डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पंजीकरण प्रक्रिया चल रही है। विश्वविद्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार बीपीईएस (बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स), बीएससी योगा, एमएससी योगा, स्पोर्ट्स जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन, स्पोर्ट्स कोचिंग, स्पोर्ट्स साइंस तथा विभिन्न पीजी डिप्लोमा कोर्सों में प्रवेश दिए जाएंगे। विवि की ओर से पहले 15 जुलाई अंतिम तिथि निर्धारित की गई थी। बाद में इसे बढ़ाकर 31 जुलाई निर्धारित किया गया।
इन कोर्स में शुरू होंगे प्रवेश
खेल विवि की ओर से बीपीईएस (बेचुलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स) में 50 सीटों पर, बीएससी योगा (बेचुलर ऑफ साइंस इन योगा ) में 40 सीटों पर, एमएससी योगा (मास्टर ऑफ साइंस इन योगा) में 20 सीटों पर प्रवेश होगा। और डिप्लोमा इन स्पोर्ट्स जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन में 15 सीटों पर प्रवेश लिया जाएगा। साथ ही विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ कोचिंग के अंतर्गत एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, हॉकी, कबड्डी, कुश्ती और योग में प्रशिक्षण कराया जाएगा। इन सभी प्रशिक्षण कोर्स में भी 15-15 सीटों पर आवेदक आवेदन कर सकते हैं। इसमें एक साल का डिप्लोमा कोर्स रहेगा।इसके लिए https://sportsuniup.com पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ ही हेल्प डेस्क नंबर 6397569119, 6396592476 और 9520012131 पर कॉल कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।