मेरठ। अगर आप या आपके परिवार में कोई बीमार है तो मंगलवार को ही अपने चिकित्सक से चेकअप करा लें। बुधवार को चिकित्सकों के क्लीनिक बंद रहेंगे। दरअसल, हाइकोर्ट बेंच की मांग के लिए 17 दिसंबर को प्रस्तावित मेरठ बंद को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की मेरठ ब्रांच ने भी समर्थन दिया है।
इस आंदोलन के लिए अधिवक्ता लगातार समर्थन जुटा रहे हैं। सोमवार को आईएमए की ओर से भी समर्थन पत्र दे दिया गया। इसके साथ ही बताया गया कि बुधवार को चिकित्सक ओपीडी नहीं करेंगे। अध्यक्ष और सचिव की ओर से चिकित्सकों से सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक ओपीडी बंद रखने का आह्वान किया गया है।
मेरठ बंद के लिए अब तक अधिवक्ताओं के अलावा व्यापारी, उद्यमी, बस ऑपरेटर, ऑटो रिक्शा संचालक, एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर, पेट्रोल पंप संचालक, रियल एस्टेट डवलपर, समाजसेवी सहित कई अन्य संगठनों की ओर से समर्थन की घोषणा की गई है।
अब इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की अध्यक्ष डा. मनीषा त्यागी और सचिव डाॅ. विकास गुप्ता ने बताया कि हाइकोर्ट बेंच के मुद्दे पर चिकित्सक भी साथ हैं। इसलिए बुधवार को चिकित्सकों से क्लीनिक बंद रखने की अपील की गई है।