फसल बीमा नहीं चाहते तो आज बैंक को दें जानकारी
मेरठ। किसान क्रेडिट कार्ड धारक अगर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमे का लाभ नहीं चाहते तो आज बैंक को सूचित कर दें। सूचना नहीं देने पर खाते से बीमे का प्रीमियम काट लिया जाएगा।
जिला कृषि अधिकारी प्रमोद सिरोही ने बताया कि बीमा योजना को स्वैच्छिक किया गया है। बीमा नहीं कराने वाले किसानों को इसके लिए आवेदन की अंतिम तिथि से सात दिन पहले बैंक शाखा में ऑप्ट-आउट फार्म या स्व-घोषणापत्र प्रस्तुत करके जानकारी देनी होगी।
ऐसा करने पर किसानों के खाते से बीमा प्रीमियम राशि नहीं कटेगी। प्रक्रिया कोपूरा नहीं करने पर उनके खाते से स्वत: ही बीमा प्रीमियम राशि कट जाएगी। बीमा आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई है, यानि बीमा नहीं कराने की जानकारी देने का शनिवार को अंतिम दिन है। बिना केसीसी वाले किसान, बटाईदार किसान या ठेके पर खेती करने वाले भी सुविधा ले सकते हैं। इसकी जानकारी बैंक शाखा, सहकारी समिति, जनसेवा केंद्र या पीएमएफवाई पोर्टल से ली जा सकती है। ब्यूरो