मेरठ। साइबर ठगी के मामले में गिरफ्तार किए गए परतापुर क्षेत्र के रिठानी गांव निवासी रॉकी को हैदराबाद साइबर थाने की पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ ले गई। रॉकी पर आरोप है कि साइबर ठगी के 1.40 करोड़ रुपये उसने अपने 15 बैंक खातों में डलवाकर निकाल लिए।
सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना ने बताया कि हैदराबाद साइबर थाने की पुलिस रविवार को मेरठ आई थी। पुलिस टीम में शामिल अधिकारियों ने बताया कि रॉकी के नाम से 15 अकाउंट खुलवाए गए थे। इसके बाद उसने गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर कई लोगों से साइबर ठगी की। जांच में सामने आया कि साइबर ठग गिरोह ने लोगों को अपने जाल में फंसाकर उनसे 1.40 करोड़ रुपये निकाल लिए। रविवार को हैदराबाद पुलिस ने रॉकी समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। रॉकी के खाते में ठगी की रकम के पुख्ता सबूत मिलने पर हैदराबाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। जबकि अन्य को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। सोमवार को राॅकी को सीजेएम कोर्ट में पेश कर ट्रांजिट रिमांड के लिए हैदराबाद पुलिस ने आवेदन किया। ट्रांजिट रिमांड मिलने पर हैदराबाद पुलिस आरोपी को अपने साथ ले गई।