अपनी हत्या के डर से पत्नी को सौंप दिया था प्रेमी को
संवाद न्यूज एजेंसी
सरूरपुर (मेरठ)। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने अपनी पत्नी का विवाह उसके प्रेमी से कराने के बाद फिर से अपनी पत्नी को वापस दिलाने की गुहार पुलिस के सामने लगाई है। पीड़ित युवक ने उस समय अपनी हत्या का डर जताते हुए पत्नी को साथ ले जाने से इन्कार कर दिया था। जबकि महिला ने अपने प्रेमी के साथ ही रहने की इच्छा जताई है। पिछले 10 दिन से मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
7 दिसंबर की रात एक युवक ने अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया था। इसके बाद उसने परिजनों की मदद से दोनों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। अगले दिन थाने में ही तीनों पक्षों की पंचायत हुई थी। महिला की करतूत सुनकर उसके मायके पक्ष के लोग उसे उसके हाल पर छोड़कर चले गए थे।
पीड़ित युवक ने मेरठ में नीले ड्रम वाली मुस्कान द्वारा किए गए सौरभ हत्याकांड का हवाला देते हुए अपनी जान को खतरा बताया था और पत्नी को साथ ले जाने से इन्कार कर दिया था। इसके बाद महिला ने अपने प्रेमी के साथ मंदिर में जाकर शादी कर ली थी। अब इस प्रकरण में फिर से नया मोड़ आ गया है। अब पीड़ित युवक का प्यार फिर से अपनी पत्नी प्रति जाग गया है। युवक ने पुलिस से उसकी पत्नी को वापस कराने की मांग की है। जबकि महिला ने पति के साथ रहने की बजाए प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जताई है।
सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि इस मामले में नियमानुसार जो भी कार्रवाई होगी वह की जाएगी।