ब्रह्मपुरी क्षेत्र में महिला की हत्या कर आठ टुकड़े करने वाला उसका ही पति निकला। शनिवार को मोर्चरी पर महिला के बेटे और मायके पक्ष के लोगों ने शव की शिनाख्त की। जिसके बाद पुलिस ने महिला के पति के खिलाफ हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के एक महिला से अवैध संबंध हैं, विरोध करने पर पत्नी की हत्या की गई है।
दौराला निवासी अली हसन की बेटी फरजाना की शादी 17 साल पहले लिसाड़ी गेट की समर गार्डन पुलिस चौकी के पास रहने वाले इरशाद उर्फ शमशाद के साथ हुई थी। तीन दिन से फरजाना (35) लापता थी। बृहस्पतिवार सुबह ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र स्थित समर कॉलोनी डी ब्लॉक के पास एक बोरे में महिला का शव मिला था। महिला के शव के आठ टुकड़े किए गए थे। शुक्रवार शाम महिला के बड़े बेटे सुहेल ने अपने पिता से मां फरजाना के बारे में पूछा तो वह कुछ बोल नहीं सका। जिसके बाद वह फरार हो गया। बच्चों ने दौराला में अपने मामा को इसकी जानकारी दी।
शनिवार को महिला का बेटा और मायके पक्ष के लोग पुलिस के साथ मोर्चर्री पहुंचे और शव की शिनाख्त फरजाना के रूप में की। उन्होंने इरशाद पर हत्या का आरोप लगाया। इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी दिनेश सिंह ने बताया कि फरजाना के पिता अली हसन की तहरीर पर इरशाद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी गई हैं, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ा।
पत्नी के टुक ड़े कर सो गया था कमरे में
फरजाना की हत्या कर उसके शव के आठ टुकड़े करने के बाद आरोपी पति शमशाद उर्फ इरशाद का दिल नहीं पसीजा और सुबह होने से पहले अपने घर पहुंचकर कमरे में सो गया। शनिवार को महिला के शव की शिनाख्त होने के बाद जब आरोपी पति की हैवानियत सामने आई तो पुलिस के भी होश उड़ गए।
पुलिस के मुताबिक शमशाद उर्फ इरशाद की अपने घर में परचून की दुकान है। इस बीच इरशाद के एक अन्य महिला से अवैध संबंध हो गये, जिसका उसकी पत्नी फरजाना को पता चला तो वह विरोध करने लगी। जिसके बाद वह अपनी पत्नी के साथ मारपीट करने लगा। कई बार उसका गला दबाकर मारने की भी कोशिश की। ईद पर इरशाद अपनी प्रेमिका को लेकर घर से फरार हो गया था, जो 15 दिन बाद लौटा। उसके बाद उसकी पत्नी ने विरोध किया तो कहा कि वह दूसरा निकाह करेगा। यदि बीच में रोकने की कोशिश की तो उसकी हत्या कर देगा। लेकिन फरजाना ने नहीं सोचा था, उसका पति जो कहता है, एक दिन वह उसके टुकडे़-टुकड़े कर शव को ठिकाने लगा देगा।
सिर से लेकर हाथ पैर तक काटे:
फरजाना का शव बृहस्पतिवार सुबह बोरे में मिला था। उसके बाद पुलिस ने बोरा खोला तो सिर, दोनों हाथ, पैर शरीर से अलग थे। शव के आठ टुकड़े किए गए थे। पुलिस का कहना है कि निर्मम तरीके से हत्या करने के बाद शव को बोरे में भरकर ठिकाने लगाने के लिए फेंक दिया था।
बेटे से कहा आ जाएगी
फरजाना के छह बच्चे हैं। बड़ा बेटा सुहेल 15 साल का है, जबकि सबसे छोटी बेटी एक साल की है। सुहेल ने बताया कि बुधवार रात को उनकी मां घर पर थी। बृहस्पतिवार सुबह नहीं मिली। जब उन्होंने अपने पिता से पूछा तो पिता ने कहा कि रिश्तेदारी में गई है। दो दिन तक बच्चों को पिता ऐसे ही बहकाता रहा। शुक्रवार रात आठ बजेे बच्चे समर गार्डन चौकी पहुंचे तो पुलिस ने उन्होंने सुबह आने के लिए कहा। बच्चों के पुलिस चौकी पर पहुंचने का पता चलते ही शमशाद फरार हो गया।
मोर्चरी पर कोहराम
महिला के बड़े बेटे सुहेल के अलावा दौराला से मायके पक्ष के लोग भी पहुंच गये। शव की शिनाख्त होते ही परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। महिला का पिता तो बेटी के शव के टुकड़े देखकर बेहोश हो गया।