उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक युवक ने अपनी नाबालिग बहन के प्रेम प्रसंग से नाराज होकर उसकी हत्या कर डाली। बताया गया कि आरोपी भाई बहन के एक युवक से बात करने को लेकर नाराज था। रविवार को उसने बहन की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार नगीना क्षेत्र निवासी एक नाबालिग किशोरी का एक लड़के के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इससे उसका भाई काफी नाराज था। उसने कई बार बहन को उक्त युवक से बात न करने की चेतावनी दी लेकिन बहन के नहीं मानने पर उसकी हत्या का प्लान बना लिया।
शनिवार को फिर से दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जिसके बाद भाई ने गला दबाकर बहन को मौत के घाट उतार दिया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं आरोपी भाई पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गया।
वहीं मामले में मृतका के पिता ने आरोपी बेटे के खिलाफ मामूली कहासुनी के बाद हत्या करने की बात कहते हुए थाने में तहरीर दी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। कोतवाल का दावा है कि शीघ्र मृतका लड़की के भाई को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। चेयर पर्सन पति शेख खलीलुर्रहमान ने भी मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को ढाढस बंधाया।