केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि देश में नक्सलवाद समाप्ति की ओर है। भारत की वाह्य और आंतरिक सुरक्षा बीते चार साल में सशक्त हुई है। केंद्र में भाजपा सरकार सत्ता में आई तो देश के 133 जिले नक्सल प्रभावित थे। अब केवल 10-12 जिलों में नक्सलियों की गतिविधियां है। पाक सीमा पर भारतीय सैनिक के साथ जो अमानवीयता बरती गई, उसका आर्मी ने दो दिन पहले जवाब दे दिया है। चीन सीमा पर अब गुर्राता नहीं है। भारत दुनिया की बढ़ती आर्थिक और सैन्य ताकत है।
पौराणिक शुकतीर्थ में वीतराग स्वामी कल्याणदेव द्वारा स्थापित कारगिल शहीद स्मारक पर शुक्रवार को केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने शहीद-ए-आजम भगत सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। भागवत पीठ शुकदेव आश्रम में पत्रकारों से वार्ता में गृहमंत्री ने कहा कि चार साल पहले देश नक्सलवाद से जूझ रहा था। पाक और चीन की सीमा पर सैनिकों पर रोज हमले हो रहे थे। हमने देश की वाह्य सीमाओं की सुरक्षा मजबूत की। भारत की आंतरिक सुरक्षा के लिए नक्सली गतिविधियां चुनौती बनी थी। पैरामिलिट्री फोर्स के जवान शहीद होते थे, अब नक्सली मरते हैं। एक-दो राज्य है, जहां के 10-12 जिलों में नक्सलवाद बचा है। नक्सलवाद को जड़ से खत्म किया जाएगा। सेना के जवानों के साथ पाक की हरकत का पीएम ने दृढ़ता से जवाब दिया। सर्जिकल स्ट्राइक से विश्व में इंडियन आर्मी की क्षमता और वीरता का संदेश गया है। हाल ही में पाक बॉर्डर पर एक सैनिक के साथ बर्बरता बरती गई, उसका जवाब दे दिया गया है।