गर्मी की छु़टिटयां और वीकेंड मनाने के लिए पहाड़ों पर गए सैलानी अब वापस लौट रहे हैं। इससे हाईव पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ गया है। रविवार को भी हाइवे से लगभग 42 हजार वाहन गुजरे। बढ़ी वाहनों की संख्या से टोल प्लाजा से लेकर भराला गांव लावड़ तक जाम की स्थिति बनी रही। देर शाम तक पुलिस व टोलकर्मी जाम पर काबू पाने में जुटे रहे।
रविवार के चलते सुबह से ही दिल्ली-देहरादून हाईवे पर वाहनों की संख्या ज्यादा रही। सामान्य दिनों में हाईवे से गुजरने वाले वाहनों की संख्या 25 हजार से बढ़कर रविवार के 42 हजार तक पहुंच गई। इससे सिवाया टोल प्लाजा पर दिन भर रुक- रुककर जाम लगता रहा।
यह भी पढ़ें: Meerut: कानून का डर न सुरक्षा की फिक्र, हाईवे पर कार में खड़े होकर शराब पीने का वीडियो वायरल
टोल पर दो लाइन बढ़ाकर 14 कर दी गईं। बावजूद इसके जाम पर काबू नहीं पाया जा सका। टोल के अलावा झाल से होते हुए भराला गांव को टैक्स बचाकर निकलने वाले वाहनों के कारण गांव में भी जाम लगा रहा।
लावड़ में भी चौराहे पर जाम की स्थिति बनी रही। टोल प्लाजा महाप्रबंधक प्रदीप चौधरी का कहना है कि टोल पर जाम न लगे इसके लिए टोल कर्मियों को लगाया गया है। अगर किसी के फास्टैग में दिक्कत है तो उसे भी तत्काल सही कराया जाता है। आज भी टोल से काफी संख्या में वाहनों के गुजरने की संभावना है।