मेरठ। सनातन धर्म इंटर कॉलेज सदर के वेस्टर्न रोड स्कूल मैदान पर चल रही समर हॉकी लीग प्रतियोगिता में शुक्रवार को सब जूनियर वर्ग का मुकाबला खेला गया। एकतरफा मुकाबले में एसडी येलो टीम ने सेवन स्टार टीम को 6-2 से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की।
प्रशिक्षक जोगिंदर सिंह ने बताया कि एसडी येलो टीम की ओर से अक्षित चौहान, अनमोल चौहान, लक्की शर्मा, वश सिंघल, चैतन्य सोलंकी और सक्षम शर्मा ने एक-एक गोल कर टीम को जीत दिलाई। वहीं, सेवन स्टार टीम की ओर से मयंक पाल और निष्कर्ष ठाकुर ने गोल किए।
उन्होंने बताया कि हॉकी लीग प्रतियोगिता के अन्य मुकाबले शनिवार शाम पांच बजे खेले जाएंगे। प्रतियोगिता का समापन चार जून को होगा। मैच के बाद प्रधानाचार्य अरुण कुमार गर्ग और कोच जोगिंदर सिंह ने विजेता टीम के खिलाड़ियों को सम्मानित किया। मुकाबले में राघव प्रजापति और अर्पित शर्मा ने निर्णायक की भूमिका निभाई।