मेरठ। डी-155 गैंग का सरगना हिस्ट्रीशीटर अमित मरिंडा की जागृति विहार एक्सटेंशन में क्रेटा कार लावारिस हालत में मिली है। कार में पुलिस का स्टीकर लगा है। मेडिकल थाना पुलिस कार को जब्त कर नौचंदी में दर्ज केस में दाखिल किया है। अमित मरिंडा ने कुछ दिन पहले बुर्का पहनकर सेंट्रल मार्केट में हुए जानलेवा हमले के मामले में कोर्ट में सरेंडर किया था। हालांकि बाद में उसे जमानत मिल गई थी।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि जागृति विहार एक्सटेंशन में एक क्रेटा कार लावारिस हालत में खड़ी हुई थी। सूचना के बाद मेडिकल पुलिस को मौके पर भेजा गया। पुलिस ने इस कार को सीज कर दिया। अमित मरिंडा के खिलाफ जानलेवा हमले, दुष्कर्म, रंगदारी और लूट समेत करीब 30 मुकदमे दर्ज हैं। नौचंदी, मेडिकल, लोहियानगर, सिविल लाइन और भावनपुर थानों में उसके गिरोह का आतंक है। गिरोह जानलेवा हमले और फायरिंग कर दहशत फैलाता है। कुछ दिन पहले मरिंडा ने सेंट्रल मार्केट में प्रापर्टी के विवाद में फायरिंग कर दी थी।