लावड़। खरदौनी गांव में ओवरलोड वाहनों की जांच के दौरान 25 से 30 अज्ञात लोगों ने यात्रीकर अधिकारी प्रीति पांडे और प्रवर्तन स्टाफ के साथ अभद्रता व मारपीट का प्रयास किया। अधिकारी ओवरलोड ट्रक का 1.88 रुपये का चालान किया। साथ ही इंचौली थाने पर मुकदमा दर्ज कराया।
परिवहन निगम के प्रवर्तन स्टाफ के साथ ओवरलोड वाहनों की जांच करने के लिए यात्रीकर अधिकारी प्रीति पांडे पहुंची। प्रीति पांडे ने दौराला की ओर से आ रहे एक ओवरलोड ट्रक को रुकने का इशारा किया। आरोप है कि इस दौरान ट्रक ने सरकारी गाड़ी में टक्कर मारने का प्रयास किया और ट्रक को भगा लिया।
उन्होंने ट्रक का पीछा किया तो लगभग दो से तीन किमी दूर पहुंचकर चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला।
उन्होंने ट्रक की जांच शुरू की तो 25-30 अज्ञात लोग वहां पहुंचे और सरकारी गाड़ी में डंडे मारने शुरू कर दिए। स्टाफ ने विरोध किया तो उक्त लोगों ने स्टाफ से अभद्रता करते हुए मारपीट का प्रयास किया। किसी तरह उन्होंने पीआरवी को मामले की जानकारी दी।
पुलिस के आने से पहले ही आरोपी वहां से भाग निकले। यात्रीकर अधिकारी ने ट्रक का 1 लाख 88 हजार 500 रुपये का चालान काटा। इंचौली थाने में 25 से 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुट गई है।