हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं का थाने पर हंगामा
मोदीपुरम। हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को कंकरखेड़ा थाने पर पहुंचकर हंगामा किया और धरना दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुरलीपुर गांव में एक परिवार पर जबरन पलायन और धर्मांतरण का दबाव बनाया जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि दूसरे समुदाय के युवक ने पीड़ित को जबरन तमंचा देकर फोटो वायरल कराया। यह सब पुलिस की जांच प्रभावित करने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मुरलीपुर गांव में एक परिवार के पलायन की धमकी और फ़िर परिवार के युवक का तमंचे के साथ फोटो वायरल होने के बाद शनिवार को हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता सचिन सिरोही की अगुवाई में थाने पहुंचे। सिरोही ने आरोप लगाया कि
दूसरे समुदाय के लोगों ने पुलिस की जांच भटकाने के लिए पीड़ित युवक के हाथ में जबरन तमंचा दिया। इसके बाद फोटो खींचकर वायरल किया गया। परिवार को पलायन और धर्मांतरण के लिए मजबूर किया जा रहा है।
पुलिस ने काफी प्रयास के बाद कार्यकर्ताओं को शांत किया। आश्वासन दिया कि जांच पूरी कर उचित कार्रवाई की जाएगी। दो दिन पहले ही मुरलीपुर गांव के एक परिवार ने दूसरे समुदाय के लोगों पर जबरन धर्मांतरण का दबाव बनाने व विरोध करने पर परिवार की महिलाओं और बेटियों से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया था। शिकायत के बावजूद कार्रवाई न करने पर पुलिस के प्रति रोष भी जताया था। शुक्रवार को परिवार के एक युवक का तमंचे के साथ फोटो और ऑडियो वायरल हुआ। इस वायरल फोटो की जांच भी चल रही है।
---
हंगामे के बाद दर्ज कराई रिपोर्ट
- हंगामे के बाद नईम, रियाजु, इमरान, शकील, मुस्तकीम, शहजाद और एक अज्ञात के खिलाफ छेड़छाड़, दुष्कर्म सहित अन्य गंभीर आरोपों के साथ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। यह रिपोर्ट पीड़ित परिवार की महिला कुसुम की ओर से दर्ज कराई गई है।