संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। सदर थाना क्षेत्र के रूड़की रोड पर सोमवार शाम मेरठ की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार दो युवक पांडव नगर निवासी अरुण दुबे व शास्त्रीनगर निवासी चंदन घायल गंभीर रूप से घायल हो गए।
कार चालक पल्लवपुरम निवासी किराना दुकान संचालक अमित जिंदल भी मामूली रूप से घायल हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। पुलिस ने घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि बाइक सवार अरूण व चंदन सोमवार शाम किसी काम से पल्लवपुरम की ओर आ रहे थे। बाइक अरूण चला रहा था। इसी बीच रूड़की रोड पर कैंट क्षेत्र में उनके पीछे आ रही कार ने ओवरटेक करने के चक्कर में बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद दोनों युवक सड़क पर गिर गए। सड़क पर गिरने से दोनों चोटिल हो गए। कार के एयरबेग खुल गए। हादसे के बाद बाइक व कार दोनों क्षतिग्रस्त हो गई। राहगीरों ने घायलों को सड़क किनारे किया पुलिस मौके पर पहुंची और जाम खुलवाया। घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस दोनों वाहनों को लेकर थाने आ गई। एसपी सिटी का कहना है कि मामले को लेकर तहरीर नहीं आई है।