शराब तस्करी रोकने के लिए दुकानदारों से मांगी मदद
मेरठ। नई आबकारी नीति को लेकर हुई बैठक में डीएम के. बालाजी ने लाइसेंसी शराब विक्रेताओं से तस्करी रोकने के लिए सहयोग मांगा। इस दौरान उन्होंने एक मोबाइल नंबर जारी किया। उस पर दी जाने वाली हर सूचना को गोपनीय रखने का भरोसा दिया।
वर्ष 2021-22 के लिए घोषित आबकारी नीति में कई बदलाव किए गए हैं। इसको लेकर आबकारी विभाग ने रविवार को सीसीएसयू के सुभाष चंद्र बोस सभागार में बैठक का आयोजन किया। जिला आबकारी अधिकारी आलोक कुमार ने शराब अनुज्ञापियों के साथ नई नीति के हर बिंदु पर चर्चा की। अनुज्ञापियों के सवालों के जवाब दिए। बैठक में डीएम ने कहा कि पंचायत चुनाव करीब हैं। ऐसे में शराब तस्कर अवैध शराब जुटाने और बेचने के लिए सक्रिय होंगे। उन्होंने अवैध शराब और तस्करों की सूचना देने के लिए कंट्रोल रूम नंबर 7983960374 जारी किया। बताया कि इस नंबर पर 24 घंटे सूचना दी जा सकती है। बैठक को एडीएम (प्रशासन) मदन सिंह, एसपी सिटी डॉ. एएन सिंह ने भी संबोधित किया। यहां आबकारी निरीक्षक मो. असलम, राजेश कुमार चौबे भी मौजूद रहे।