- टीम ने दो दर्जन से अधिक ग्रामीणों के लिए सैंपल
संवाद न्यूज एजेंसी
फलावदा। क्षेत्र के गांव मौजीपुरा में बुखार से पीड़ित 48 वर्षीय व्यक्ति की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग टीम गांव पहुंची। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची और स्वास्थ्य शिविर लगाकर ग्रामीणों की जांच की। टीम ने बुखार से पीड़ित दो दर्जन से अधिक ग्रामीणों के ब्लड सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे। मरीजों को आवश्यक दवाएं भी वितरित की गई।
मौजीपुरा निवासी रतन सैनी (48) मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर स्थित एक निजी कंपनी में वेल्डर थे। परिजनों के अनुसार, वह पिछले करीब आठ दिनों से बुखार से पीड़ित थे और कस्बे में एक झोलाछाप से उनका इलाज चल रहा था। रविवार को उनकी तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर झोलाछाप ने उन्हें मेरठ ले जाने की सलाह दी थी।
परिजन रतन को सीएचसी फलावदा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। युवक की मौत की सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम सोमवार को मौजीपुरा पहुंची। टीम ने मृतक के घर जाकर परिजनों से घटना की जानकारी ली और उनके बयान दर्ज किए।
डॉ. विपिन कुमार और डॉ. संजय सैनी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में शिविर लगाया। शिविर में बुखार से पीड़ित ग्रामीणों की जांच कर उन्हें दवाएं दी गई। टीम ने सोमपाल सैनी, तनु, कुसुम देवी, संदीप, शौराज सिंह, विजयवती, प्रीति, मोहित कुमार, दीपा, राजेश, भरत सिंह, बबीता, रमेशो, गौरव और राजकुमार समेत दो दर्जन से अधिक ग्रामीणों के ब्लड सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए।
डॉ. नितिन शर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर बुखार से पीड़ित ग्रामीणों के ब्लड सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। बीमार लोगों को आवश्यक दवाएं भी वितरित की गई हैं।