संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। कस्बे में मंगलवार देर रात दौराला चौराहे पर स्थित एचडीएफसी बैंक शाखा में लगा सायरन अचानक बजने से आसपास के लोगों में चोर होने का शोर मच गया। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी सुमन कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने बैंक परिसर के बाहर और छत भर गहन जांच की। छत पर किसी के होने की आशंका के चलते सीढ़ी लगाकर तलाशी ली गई। इस दौरान सीढ़ी पर चढ़ते समय थाना प्रभारी सुमन कुमार का पैर फिसल गया, जिससे वह मामूली रूप से चोटिल हो गए। काफी देर तक बैंक परिसर और आसपास की जांच के बावजूद कोई संदिग्ध व्यक्ति या चोरी के प्रयास के साक्ष्य नहीं मिले।
क्षेत्राधिकारी दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि प्राथमिक जांच में किसी प्रकार की आपराधिक घटना सामने नहीं आई है। संभवतः तकनीकी खराबी के कारण बैंक का सायरन बज गया होगा। पुलिस ने बैंक प्रबंधन से भी संपर्क कर सायरन बजने के कारणों की जानकारी जुटाई है।