एमआईईटी में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में क्षेत्रीय वैज्ञानिक अधिकारी गाजियाबाद सुरेश चंद्र शर्मा ने बताया कि बहुत से नवप्रर्वतक, नव आविष्कारक अपनी जीवन शैली में सुधार या रोजमर्रा की जिंदगी में आने वाली कठिनाइयों को दूर करने के लिए नए-नए प्रयोगों का आविष्कार करते हैं। लेकिन जानकारी के अभाव में ये लाभ से वंचित रह जाते हैं।
इसको देखते हुए क्षेत्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी केंद्र गाजियाबाद एवं मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी द्वारा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद उ.प्र. विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग उ.प्र. शासन के सहयोग से नवप्रवर्तन सेमिनार का आयोजन 18 जुलाई को सुबह नौ बजे से पांच बजे तक एमआईईटी में होगा। जिसमें जिले और आसपास के इनोवेटिव आइडियाज लेकर कोई भी व्यक्ति शामिल हो सकता है। सेमिनार के विषय ग्रामीण नवप्रवर्तन, औद्योगिक नवप्रवर्तन, शैक्षणिक नवप्रवर्तन, विकास के लिए नवप्रवर्तन प्रस्तावित हैं।
सेमिनार में लगभग 200 नवप्रवर्तकों के प्रतिभाग करने की संभावना है। प्रतिभागिता के लिए 18 जुलाई 2018 से पूर्व किसी भी दिन एमआईईटी या क्षेत्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी केंद्र गाजियाबाद पर संपर्क किया जा सकता है। इस मौके पर राधेलाल, संयुक्त निदेशक विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, संदीप द्विवेदी, इनोवेशन अधिकारी एवं सुरेश चंद्र शर्मा क्षेत्रीय वैज्ञानिक अधिकारी गाजियाबाद, डॉ. विवेक सुदर्शन मौजूद रहे। एमआईईटी से डायरेक्टर डॉ. मयंक गर्ग, डॉ. अजय सिंह, सुशील कुमार शर्मा, विश्वास गौतम, संजय वशिष्ठ एवं मीडिया मैनेजर अजय चौधरी मौजूद रहे।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/