आरोपियों की गिरफ्तारी और एनकाउंटर की मांग
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों की मांग थी कि नितिन की हत्या में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। ग्रामीणों ने आरोपियों के एनकाउंटर की भी मांग उठाई। परिजनों और ग्रामीणों का कहना था कि जब तक पुलिस के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचकर ठोस कार्रवाई का आश्वासन नहीं देते और सभी आरोपी गिरफ्तार नहीं होते, तब तक शव नहीं उठाया जाएगा।
पुलिस पर लापरवाही का आरोप
ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना था कि यदि पुलिस पहले सक्रिय होती तो हत्या की घटना रोकी जा सकती थी। ग्रामीणों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठाए।
पुलिस अधिकारियों ने समझाने का प्रयास किया
जाम और हंगामे की सूचना पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारी परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन ग्रामीण कार्रवाई के स्पष्ट आश्वासन पर अड़े रहे। मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
मुख्य आरोपी मिट्ठू के घर चला बुलडोजर
ग्रामीणों के प्रदर्शन के बीच प्रशासन ने हत्याकांड के फरार मुख्य आरोपी मिट्ठू पुत्र पिंकी चौधरी के घर पर बुलडोजर चलवाया। कार्रवाई के दौरान एसपी देहात अभिजीत कुमार और सीओ पंकज लवानिया मौके पर मौजूद रहे। पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार, नितिन की शुक्रवार शाम हत्या के बाद से ही आरोपी फरार हैं। मुख्य आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के तहत शनिवार को उसके घर पर बुलडोजर चलाया गया।
चार पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में
नितिन हत्याकांड में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमें गठित की गई हैं। टीमें अलग-अलग स्थानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ घटना में इस्तेमाल हथियारों और हत्या के कारणों की भी जांच कर रही है।
प्रिंस पर हमले के दौरान नितिन को लगी थी गोली
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार शाम राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के पास प्रिंस उर्फ मुकद्दम पर जानलेवा हमला हुआ था। उस दौरान उसके पीछे बाइक पर बैठे नितिन को गोली लग गई। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।
तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई
परिजनों की ओर से तहरीर दिए जाने की प्रक्रिया के बाद पुलिस मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है। फिलहाल फरार आरोपियों की तलाश जारी है। मुख्य आरोपी के घर बुलडोजर कार्रवाई के बाद अब सभी आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस पर दबाव बढ़ गया है।