शव गांव पहुंचने से पहले ही लगाया जाम
सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे बिमला देवी का शव गांव पहुंचने से पहले ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मवाना-बिजनौर मार्ग पर पहुंच गए। दोनों ओर ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खड़ी कर सड़क के बीच बैठकर हत्या के खुलासे की मांग की गई।
सूचना पर हस्तिनापुर के साथ मवाना, फलावदा और बहसूमा थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। सीओ पंकज लवानिया ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन प्रशासनिक अधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद एसडीएम संतोष कुमार मौके पर पहुंचे।
सीओ ने तीन दिन में घटना का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण जाम खोलने और अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए। करीब एक घंटे बाद सुबह 9:30 बजे मार्ग पर यातायात सुचारू हो सका।
जाम लगाते परिजन व ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
रविवार को घास में मिला था महिला का शव
गणेशपुर निवासी बिमला देवी रविवार सुबह घर से घूमने के लिए निकली थीं। दोपहर में उनका शव गांव से करीब एक किलोमीटर दूर मुख्य मार्ग के पास घास में पड़ा मिला था। पुलिस के अनुसार, महिला के चेहरे पर चोट के निशान थे और चेहरा ईंट से कुचला गया था। परिजनों ने लूट के बाद हत्या किए जाने का आरोप लगाया था।
पुलिस के सामने तीन दिन में खुलासे की चुनौती
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने हत्याकांड का खुलासा करने की मांग करते हुए शव उठाने से इनकार कर दिया था। पुलिस अधिकारियों के कार्रवाई के आश्वासन के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो ग्रामीणों ने दोबारा प्रदर्शन किया। अब पुलिस के सामने तीन दिन में हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी करने की चुनौती है।
रंजिश या लूट, दोनों एंगल से जांच
पुलिस हत्या के कारण का पता लगाने के लिए कई पहलुओं पर जांच कर रही है। परिवार की किसी से पुरानी रंजिश थी या नहीं, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। हालांकि परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि बिमला देवी के तीनों बेटे मजदूरी करते हैं और परिवार की किसी से रंजिश नहीं थी।
ऐसे में पुलिस लूट के इरादे से हत्या किए जाने के एंगल पर भी जांच कर रही है। किसी नशेड़ी द्वारा लूट के बाद वारदात किए जाने की आशंका समेत अन्य पहलुओं को भी जांच में शामिल किया गया है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्य जुटाने के बाद ही हत्या के कारण और आरोपियों की स्थिति स्पष्ट होगी।
गांव में पुलिस बल तैनात
हत्या के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिसकर्मी गांव में गश्त कर रहे हैं और स्थिति पर नजर रख रहे हैं। सीओ मवाना पंकज लवानिया ने बताया कि घटना की जांच के लिए पुलिस की दो टीमें लगातार काम कर रही हैं। जल्द घटना का खुलासा कर संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।