युवक की हत्या के बाद शव की जांच करती फॉरेंसिक टीम व थाना पुलिस।
- फोटो : SARDANA
सरधना(मेरठ)। बहादरपुर के जंगल में रविवार दोपहर सिंचाई करने युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। परिजनों ने गांव के कुछ लोगों पर रंजिशन हत्या का आरोप लगाया।
थानाध्यक्ष उपेंद्र मलिक ने बताया कि रविवार सुबह कपिल उर्फ भूरू (26) पुत्र उदवीर सिंह भाई सचिन के साथ गंगनहर पटरी के पास ईंख की निराई गुड़ाई कर रहा था। काम खत्म होने के बाद सचिन घर लौट आया, लेकिन कपिल छोटी मढियाई के जंगल में अपने दूसरे खेत पर ईंख की सिंचाई करने चला गया। कुछ देर बाद सचिन ने कपिल को फोन किया तो उसका नंबर बंद था। इस दौरान पड़ोस के खेत के मालिक कुलदीप और उपेंद्र वहां पहुंचे तो उन्हें शीशम के पेड़ के नीचे कपिल का लहूलुहान शव पड़ा मिला। उसके सिर में गोली मारकर हत्या की गई थी। दोनों कपिल की हत्या का शोर मचा दिया। इस पर आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान मौके पर जमा हो गए। हत्या की सूचना पर सचिन और अन्य परिजन भी पहुंच गए। उनका रो रोकर बुराहाल था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। फोरेंसिक टीम ने भी निरीक्षण किया। पुलिस शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। वहीं एसपी देहात अविनाश पांडेय ने भी मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। मृतक कपिल के भाई सचिन ने गांव के सुखबीर उसके बेटों सोनू और मनोज के खिलाफ रंजिशन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं परिजनों ने बताया कि कपिल तीन भाइयों में छोटा था। उनके पिता उदय सिंह की काफी पहले मौत हो चुकी है।